JAMSHEDPUR :कदमा में टाटा स्टील का अतिक्रमण हटाओ अभियान: विरोध के बीच खाली कराया गया क्वार्टर, ट्रैफिक एएसआई पर अवैध कब्जे का आरोप

JAMSHEDPUR NEWS : कदमा टावर रोड स्थित टाटा स्टील के क्वार्टर संख्या एल5-55 को शुक्रवार को कंपनी की टीम ने विरोध और हंगामे के बीच खाली करा लिया। टाटा स्टील UISL (पूर्व में जुस्को) और एसआरटी की संयुक्त टीम कार्रवाई के लिए मौके पर पहुंची थी। कंपनी ने ट्रैफिक पुलिस के SRT अमरेश कुमार सिंह पर पिछले ढाई वर्षों से क्वार्टर पर अवैध कब्जा करने का आरोप लगाया है।

कंपनी अधिकारियों के अनुसार संबंधित क्वार्टर को पहले ही खाली घोषित किया जा चुका था तथा बिजली और पानी की आपूर्ति भी बंद कर दी गई थी। इसके बावजूद कथित रूप से ताला तोड़कर क्वार्टर में निवास किया जा रहा था और चोरी से बिजली-पानी का उपयोग किया जा रहा था जिससे कंपनी को financial नुकसान हुआ।

टाटा स्टील UISL का दावा है कि SRT अमरेश कुमार सिंह को कई बार मौखिक रूप से क्वार्टर खाली करने के लिए कहा गया था। इसके अलावा लिखित नोटिस भी जारी किए गए थे लेकिन उनकी ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। कंपनी ने यह भी आरोप लगाया कि पूर्व में अतिक्रमण हटाने के प्रयासों को दबाव बनाकर रोका जाता रहा।
शुक्रवार को जब कंपनी की टीम क्वार्टर खाली कराने पहुंची तो दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। कंपनी अधिकारियों ने आरोप लगाया कि कार्रवाई के दौरान वर्दीधारी पुलिसकर्मी द्वारा टीम के साथ उलझने और धमकी देने की कोशिश की गई।
वहीं SRT अमरेश कुमार सिंह और उनके परिवार ने कंपनी के सभी आरोपों को खारिज कर दिया। उनका कहना है कि उन्हें किसी प्रकार का नोटिस प्राप्त नहीं हुआ है और वे क्वार्टर खाली नहीं करेंगे।
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। टाटा स्टील UISL ने बताया कि मामले की लिखित सूचना पहले ही संबंधित थाने को दी जा चुकी है। कंपनी का कहना है कि पुलिस प्रशासन के सहयोग से अवैध कब्जा हटाने और क्वार्टर को सील करने की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

