Jamshedpur: सदर अस्पताल के लैब कर्मियों ने लैब टेक्नीशियन पर लगाया प्रताड़ना का आरोप

सदर अस्पताल के लैब कर्मियों ने लैब टेक्नीशियन कार्तिक महतो के खिलाफ प्रताड़ना, अभद्र व्यवहार और कार्य में अनावश्यक हस्तक्षेप करने का आरोप लगाया है। इस संबंध में कर्मचारियों ने सिविल सर्जन, उपायुक्त तथा अस्पताल के उपाधीक्षक को लिखित शिकायत सौंपकर मामले में उचित कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में कहा गया है कि कार्तिक महतो का मूल पदस्थापन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जुगसलाई में है लेकिन वह सदर अस्पताल के लैब कर्मियों सहित अन्य कर्मचारियों के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हैं उन्हें धमकाते हैं तथा उनके कार्यों में अनावश्यक हस्तक्षेप कर कार्य निष्पादन में बाधा उत्पन्न करते हैं। कर्मचारियों का आरोप है कि उनके व्यवहार के कारण अस्पताल में असंतोष का माहौल बना हुआ है और कई कर्मियों को मानसिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ रहा है।
लैब कर्मियों ने अपनी शिकायत में यह भी उल्लेख किया है कि इस मामले से पूर्व में भी सिविल सर्जन कार्यालय को अवगत कराया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। कर्मचारियों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के विरुद्ध आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई करने की मांग की है।
वहीं इस मामले पर सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने कहा कि शिकायत प्राप्त हुई है और मामले की जांच कराई जा रही है। जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

