1000263410

Jamshedpur Rural : महुलिया लैम्पस में पहुंचा धान बीज, अनुदानित दर पर वितरण शुरू; किसानों में खुशी

खबर को शेयर करें
1000263410

GALUDIH : खरीफ सीजन की तैयारी कर रहे किसानों के लिए राहत की खबर है। गालूडीह स्थित महुलिया लैम्पस में धान बीज की खेप पहुंच गई है जिसके बाद सोमवार से किसानों के बीच बीज का वितरण शुरू कर दिया गया है। धान बीज उपलब्ध होने से क्षेत्र के किसानों में खुशी का माहौल है और वे अब नर्सरी तैयार करने समेत खेती के अन्य कार्यों में तेजी से जुट गए हैं।

जानकारी के अनुसार, महुलिया लैम्पस में सुवर्णा एमटीयू-7029 किस्म का करीब 10 क्विंटल धान बीज पहुंचा है। सरकार द्वारा निर्धारित इसकी कीमत 41 रुपये प्रति किलोग्राम है, लेकिन किसानों को 50 प्रतिशत अनुदान के साथ यह बीज 20.50 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से उपलब्ध कराया जा रहा है।

लैम्पस प्रबंधन ने बताया कि बीज प्राप्त करने के लिए किसानों को आधार कार्ड और जमीन से संबंधित दस्तावेज के साथ सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच लैम्पस पहुंचना होगा। सभी पात्र किसानों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत बीज उपलब्ध कराया जाएगा।

हालांकि, धान बीज की आपूर्ति में देरी होने के कारण कई किसानों को पहले ही बाजार से अधिक कीमत पर बीज खरीदना पड़ा है। किसानों का कहना है कि यदि बीज समय पर उपलब्ध हो जाता तो उन्हें अतिरिक्त खर्च नहीं करना पड़ता। इसके बावजूद अब बीज मिलने से खेती की तैयारियों को गति मिलेगी और बेहतर उत्पादन की उम्मीद बढ़ी है।

लैम्पस कर्मचारियों ने किसानों से आवश्यक दस्तावेजों के साथ पहुंचकर अनुदानित दर पर धान बीज प्राप्त करने की अपील की है। वहीं बीज की उपलब्धता के बाद क्षेत्र में खरीफ खेती से जुड़ी गतिविधियां तेज हो गई हैं और किसान बिचड़ा तैयार करने में जुट गए हैं।