49922

Jamshedpur Rural Area:- बोंटा के पास अज्ञात कार की टक्कर से दो बाइक सवार चार युवक घायल, चालक फरार

खबर को शेयर करें
49922

बोड़ाम थाना क्षेत्र के बोंटा पंचायत मंडप के समीप सात नाला रोड पर सोमवार शाम करीब साढ़े आठ बजे एक अज्ञात कार ने दो बाइकों को टक्कर मार दी। इस सड़क हादसे में दोनों बाइकों पर सवार चार युवक घायल हो गए। दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही युवा समाजसेवी उमेश महतो मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। साथ ही उन्होंने मामले की जानकारी बोड़ाम थाना प्रभारी नीरज कुमार को दी। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पहुंची और मामले की जांच शुरू की। बाद में पुलिस ने एमजीएम अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल भी जाना।

घायलों की पहचान मिर्जाडीह निवासी संजय लोहार (15 वर्ष), गोकुलनगर निवासी आकाश महतो (18 वर्ष), डिमना निवासी विजय लोहार (16 वर्ष) तथा चौरा निवासी रवि महतो के रूप में हुई है। सभी घायलों का इलाज एमजीएम अस्पताल में चल रहा है।

उमेश महतो ने बताया कि दुर्घटना के बाद एंबुलेंस बुलाने के लिए 108 और 102 नंबर पर कई बार संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन कॉल रिसीव नहीं होने के कारण समय पर एंबुलेंस उपलब्ध नहीं हो सकी। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को टेंपो के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया गया।

जानकारी के अनुसार, चौरा निवासी रवि महतो बोंटा गांव में आयोजित एक शादी समारोह से अपने घर लौट रहे थे। वहीं डिमना और गोकुलनगर के तीनों युवक पश्चिम बंगाल से अंबुबाची पर्व मनाकर वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात कार ने उनकी बाइकों को टक्कर मार दी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बोंटा पंचायत क्षेत्र से गुजरने वाली टाटा-पटमदा मुख्य सड़क और बोंटा-बोड़ाम सात नाला मार्ग पर हाल के महीनों में सड़क दुर्घटनाओं की संख्या लगातार बढ़ी है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि आपात स्थिति में समय पर एंबुलेंस सुविधा नहीं मिलने से घायलों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने क्षेत्र में स्थायी रूप से एंबुलेंस की व्यवस्था करने की मांग की है।

फिलहाल पुलिस अज्ञात कार और उसके चालक की तलाश में जुटी हुई है।