49932

जमशेदपुर ग्रामीण क्षेत्र : हल्दीपोखर रेलवे स्टेशन पर बच्चा चोरी के संदेह में महिला-पुरुष पकड़े गए, ग्रामीणों ने कोवाली पुलिस को सौंपा…

खबर को शेयर करें
49932

कोवाली थाना क्षेत्र के हल्दीपोखर रेलवे स्टेशन पर सोमवार देर शाम बच्चा चोरी के संदेह में एक महिला और एक पुरुष को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। दोनों के साथ करीब तीन वर्ष का एक बच्चा भी था, जो लगातार रो रहा था। पूछताछ के दौरान दोनों बच्चे के संबंध में संतोषजनक जानकारी नहीं दे सके, जिसके बाद ग्रामीणों को उन पर संदेह हुआ।

जानकारी के अनुसार, रेलवे स्टेशन पर मौजूद ग्रामीणों ने जब महिला और पुरुष से बच्चे का नाम, उसके माता-पिता तथा अपने परिचय के बारे में पूछताछ की, तो वे स्पष्ट जवाब नहीं दे पाए। इतना ही नहीं, दोनों अपना नाम और पता भी सही तरीके से नहीं बता सके। उनकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर स्थानीय लोगों ने उन्हें रोक लिया और मामले की सूचना कोवाली पुलिस को दी।

इस दौरान पंचायत की मुखिया देवी कुमारी भूमिज एवं वार्ड सदस्य देव पालित भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि दोनों की गतिविधियां काफी संदिग्ध थीं। वे बच्चे के बारे में कोई ठोस जानकारी नहीं दे रहे थे, जिससे ग्रामीणों का शक और गहरा गया।

सूचना मिलने पर कोवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अपने साथ थाना ले गई। फिलहाल पुलिस महिला और पुरुष को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है तथा बच्चे की पहचान और उसके परिजनों के बारे में जानकारी जुटाने में लगी हुई है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल दोनों से पूछताछ जारी है।