Jamshedpur : एमजीएम अस्पताल में बड़े बदलाव की तैयारी, मरीजों की सुविधाओं पर होगा खास फोकस…

Jamshedpur news: जमशेदपुर के डिमना चौक स्थित महात्मा गांधी मेमोरियल (MGM) मेडिकल कॉलेज अस्पताल के नए परिसर में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में बड़े बदलाव की तैयारी शुरू हो गई है।
शुक्रवार को उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में हुई बैठक में अस्पताल की शिफ्टिंग और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि 15 दिनों के भीतर नए परिसर में एक्स-रे मशीन की स्थापना, पीएसए ऑक्सीजन प्लांट और एलएमओ यूनिट की शिफ्टिंग पूरी कर ली जाए। साथ ही डायलिसिस सेंटर की सेवा भी शुरू करने को कहा गया।
बैठक में MGM प्रिंसिपल डॉ. दिवाकर हांसदा, अधीक्षक डॉ. आरके मंधान, उपाधीक्षक डॉ. नकुल प्रसाद चौधरी, सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट 24 घंटे के भीतर जारी की जाए और जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र देने में देरी न हो। उन्होंने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई नियमित रखने और अस्पताल के बाहर अतिक्रमण हटाने के लिए भी कहा।
बैठक में यह भी तय हुआ कि अस्पताल में कार्यरत आउटसोर्स कर्मियों के लिए आई-कार्ड और निर्धारित ड्रेस कोड अनिवार्य होगा। अब स्टाफ की उपस्थिति बायोमीट्रिक सिस्टम से दर्ज की जाएगी।
उपायुक्त ने कहा कि तकनीकी और मानव संसाधनों का सही इस्तेमाल हो ताकि किसी भी मरीज को परेशानी न हो। उन्होंने जोर देकर कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि मरीजों को समय पर और उच्च स्तरीय चिकित्सा सेवाएं मिलें इसके लिए सभी विभागों में समन्वय और निगरानी जरूरी है।


