49459

Jamshedpur: कालीमाटी रोड पर गंदगी का अंबार, बदबू और बीमारियों के खतरे से परेशान लोग

खबर को शेयर करें
49459

जमशेदपुर शहर के कालीमाटी रोड स्थित गुरुद्वारा के पास इन दिनों गंदगी और जलजमाव की समस्या गंभीर होती जा रही है। सड़क किनारे कचरे के बड़े-बड़े ढेर जमा हैं, जबकि कई स्थानों पर गंदा पानी लंबे समय से जमा हुआ है। इससे स्थानीय लोगों, दुकानदारों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हैरानी की बात यह है कि जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (JNAC) का कार्यालय भी इस क्षेत्र से कुछ ही दूरी पर स्थित है लेकिन अब तक समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

कचरे के ढेर और गंदे पानी के कारण पूरे इलाके में मक्खियों का जमावड़ा लगा रहता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क से गुजरना तक मुश्किल हो गया है। मक्खियां लोगों के चेहरे, कपड़ों और खाने-पीने की वस्तुओं तक पहुंच जाती हैं। वहीं सड़े हुए कचरे से निकलने वाली दुर्गंध ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। गर्मी और बारिश के मौसम में स्थिति और भी खराब हो जाती है।

खुले में पड़े कचरे और गंदे पानी के कारण इलाके में संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि डायरिया, टायफाइड, फूड प्वाइजनिंग, त्वचा रोग और मच्छरों से फैलने वाली बीमारियों की आशंका लगातार बनी हुई है। लोगों ने प्रशासन से जल्द सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।

कालीमाटी रोड के आसपास कई पीजी और हॉस्टल संचालित हैं जहां बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं रहते हैं। पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बाहर से आए छात्रों को रोजाना इसी रास्ते से गुजरना पड़ता है। गंदगी, बदबू और जलजमाव के कारण उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार बारिश के दौरान सड़क पर गंदा पानी भर जाता है और कचरा पूरे इलाके में फैल जाता है। कई जगहों पर कीचड़ और फिसलन के कारण दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। लोगों ने प्रशासन से जल्द सफाई अभियान चलाकर समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।