जमशेदपुर: AISO के बैनर तले छात्रों ने किया प्रदर्शन, पेपर लीक के विरोध में शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

जमशेदपुर में ऑल इंडिया स्टूडेंट्स ऑर्गनाइजेशन (AISO) के बैनर तले छात्रों ने प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ नारेबाजी करते हुए परीक्षा प्रणाली में सुधार की मांग उठाई।
छात्रों का कहना था कि पेपर लीक की घटनाओं से मेहनत करने वाले लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन कर रहे सामाजिक कार्यकर्ता को जबरन अस्पताल ले जाना लोकतांत्रिक अधिकारों का उल्लंघन है।
प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने मांग की कि पेपर लीक पर सख्त कार्रवाई हो, परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी बनाई जाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए। छात्र नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा। साथ ही शिक्षा मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की भी मांग की गई।

