सोनारी के स्कूल पर फीस मांगने का आरोप, अभिभावक संघ ने शिक्षा विभाग से की शिकायत

जमशेदपुर के सोनारी स्थित आरएमएस हाई स्कूल बालिचेला के खिलाफ अभिभावक संघ ने जिला शिक्षा अधीक्षक को शिकायत दी है। आरोप है कि आरटीई के तहत पढ़ रही एक छात्रा से स्कूल फीस मांगी जा रही है और फीस जमा नहीं होने पर उसका एडमिट कार्ड भी रोक दिया गया।
संघ का कहना है कि छात्रा आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से आती है और उसकी मां दूसरों के घरों में काम करती हैं। ऐसे में स्कूल को नियमों के अनुसार छात्रा को निशुल्क शिक्षा देनी चाहिए।
अभिभावक संघ ने मामले की जांच कर छात्रा को परीक्षा में शामिल कराने और कक्षा 12 तक मुफ्त शिक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। फिलहाल स्कूल प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

