Jamshedpur News: जमशेदपुर की बेटी तनिषा गौतम करेंगी प्रधानमंत्री मोदी से सीधा संवाद

भारत के सेमीकंडक्टर मिशन के तहत 4 जुलाई को होने वाला कार्यक्रम देश के लिए खास माना जा रहा है। इसी मौके पर गुजरात के साणंद स्थित सीजी सेमी ओसैट प्लांट का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। इस कार्यक्रम में जमशेदपुर की रहने वाली तनिषा गौतम को भी प्रधानमंत्री से सीधे बातचीत करने का अवसर मिला है।
तनिषा फिलहाल गुजरात में सीजी सेमी में डिप्लोमा इंजीनियर ट्रेनी के रूप में काम कर रही हैं और देश के पहले कमर्शियल सेमीकंडक्टर प्रोजेक्ट से जुड़ी हुई हैं। उन्होंने अपनी शुरुआती पढ़ाई जमशेदपुर के केंद्रीय विद्यालय, टाटानगर से पूरी की। इसके बाद एनटीटीएफ से इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में डिप्लोमा किया और हैदराबाद की एक कंपनी से करियर की शुरुआत की।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री कर्मचारियों से उनके काम, अनुभव और भारत के सेमीकंडक्टर उद्योग के भविष्य पर चर्चा करेंगे। तनिषा की इस उपलब्धि से जमशेदपुर और झारखंड के लोगों में खुशी है। उनकी सफलता युवाओं के लिए प्रेरणा बनकर सामने आई है और यह दिखाती है कि मेहनत और लगन से बड़े अवसर हासिल किए जा सकते हैं।

