Jamshedpur News: हिमांशु सिंह हत्याकांड में मुख्य आरोपी की तलाश जारी, गांव में पुलिस की लगातार दबिश

जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित डीडी बार के बाहर हुए चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड में फरार मुख्य आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस ने आरोपी पर दो लाख रुपये का इनाम घोषित किया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार कई जगहों पर छापेमारी की जा रही है।
घटना के बाद आरोपी के गांव धातकीडीह में डर और सन्नाटे का माहौल है। कई घरों में ताले लगे हुए हैं और लोग इस मामले पर खुलकर कुछ भी कहने से बच रहे हैं। पुलिस गांव और आसपास के इलाकों में लगातार जांच कर रही है और तकनीकी मदद से आरोपी तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
इस बीच मामले ने राजनीतिक रंग भी ले लिया है। भाजपा नेताओं ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर मामले की सीबीआई जांच की मांग की है। वहीं, पुलिस का कहना है कि जांच हर पहलू से की जा रही है और फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की कोशिश जारी है।

