Jamshedpur News: बिष्टुपुर में पुलिसकर्मी और युवक के बीच सड़क पर हाई वोल्टेज ड्रामा, दोनों पक्षों ने लगाए मारपीट और अभद्रता के आरोप

जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक पुलिसकर्मी और युवक के बीच सड़क पर हुए विवाद ने हाई वोल्टेज ड्रामे का रूप ले लिया। मामूली कहासुनी देखते ही देखते गाली-गलौज, धक्का-मुक्की और हाथापाई तक पहुंच गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को शांत कराया। घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
युवक प्रदीप सिंह का आरोप है कि वह बिष्टुपुर से जुगसलाई की ओर जा रहा था। इसी दौरान कदमा की दिशा से तेज रफ्तार में एक स्कूटी सवार पुलिसकर्मी आया। उसके मुताबिक दोनों वाहनों के बीच कोई टक्कर नहीं हुई थी इसके बावजूद पुलिसकर्मी ने उसे रोककर अभद्र भाषा का प्रयोग करना शुरू कर दिया।
प्रदीप सिंह का कहना है कि उन्होंने पुलिसकर्मी से शांत रहने और अपने रास्ते जाने का अनुरोध किया लेकिन वह लगातार गाली-गलौज करता रहा। जब उन्होंने इसका कारण पूछा तो पुलिसकर्मी ने स्वयं को पुलिस विभाग का कर्मचारी बताते हुए कहा कि उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। युवक ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मी आधी वर्दी में था उसकी स्कूटी पर पुलिस का लोगो लगा हुआ था और वह नशे की हालत में प्रतीत हो रहा था।
युवक के अनुसार विवाद के दौरान पुलिसकर्मी ने उसके साथ धक्का-मुक्की की जिसमें पुलिसकर्मी को भी चोट लगी। उसने बताया कि उसने तत्काल डायल-112 पर सूचना देने का प्रयास किया। प्रदीप सिंह का यह भी कहना है कि पुलिसकर्मी उसका वीडियो बना रहा था इसलिए उसने उसका मोबाइल अपने पास रख लिया ताकि पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो सके। बाद में मोबाइल प्रशासन को सौंपने की बात भी उसने कही।
वहीं संबंधित पुलिसकर्मी ने युवक के सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। पुलिसकर्मी का कहना है कि युवक ने उसके साथ मारपीट की और उसी ने विवाद को बढ़ाया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
फिलहाल इस मामले में किसी भी पक्ष के आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस घटना से जुड़े सभी तथ्यों की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

