Jamshedpur News: मानगो में साइबर ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा, चार लोग गिरफ्तार

जमशेदपुर पुलिस ने मानगो इलाके में साइबर ठगी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि ये लोग पिछले करीब दो साल से किराए के मकान में रहकर ऑनलाइन ठगी कर रहे थे। ये गिरोह देश के अलग-अलग राज्यों के लोगों को निशाना बनाता था।
इस मामले का खुलासा ओडिशा की एक महिला की शिकायत के बाद हुआ। महिला ने साइबर ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने मोबाइल नंबर और अन्य तकनीकी जानकारी के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस मानगो के जवाहरनगर रोड नंबर-4 स्थित एक किराए के मकान तक पहुंची। वहां छापेमारी कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार लोगों की पहचान संजय कुमार सिंह, राहुल कुमार रवानी, सुनील कुमार झा और राहुल कुमार ठाकुर के रूप में हुई है। ये सभी जामताड़ा, देवघर और सरायकेला-खरसावां जिले के रहने वाले हैं।
पुलिस ने आरोपियों के पास से कई मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक सामान और डिजिटल सबूत भी बरामद किए हैं। शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी फर्जी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और मोबाइल के जरिए लोगों को झांसे में लेकर ठगी करते थे।
फिलहाल पुलिस यह पता लगा रही है कि इस गिरोह ने अब तक कितने लोगों को ठगा है और इसमें और कौन-कौन शामिल हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच जारी है और आने वाले दिनों में इस मामले में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।

