जमशेदपुर न्यूज: गोलमुरी पुलिस केंद्र में दंगा-रोधी मॉक ड्रिल, पुलिस ने परखी अपनी तैयारी

किसी भी आपात स्थिति और कानून-व्यवस्था की चुनौती से निपटने के लिए पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने बुधवार को गोलमुरी पुलिस केंद्र में दंगा-रोधी मॉक ड्रिल का आयोजन किया। इस अभ्यास में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों ने हिस्सा लिया।
ड्रिल के दौरान जवानों को भीड़ नियंत्रण, उपद्रव की स्थिति में त्वरित कार्रवाई, टीमवर्क और संवेदनशील हालात से निपटने का प्रशिक्षण दिया गया। अधिकारियों ने उन्हें संयम और सतर्कता के साथ काम करने की सलाह दी।
इस दौरान दंगा-रोधी हेलमेट, बॉडी प्रोटेक्टर, शील्ड, लाठी, गैस मास्क सहित अन्य आधुनिक सुरक्षा उपकरणों के इस्तेमाल का भी प्रदर्शन किया गया। जवानों को इन उपकरणों का सही उपयोग समझाया गया और उनकी तैयारी का आकलन भी किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के नियमित अभ्यास से पुलिस बल की कार्यक्षमता और आत्मविश्वास बढ़ता है। भविष्य में भी समय-समय पर ऐसे मॉक ड्रिल आयोजित किए जाएंगे ताकि किसी भी आपात स्थिति में पुलिस पूरी तरह तैयार रहे।

