जमशेदपुर: घर के बाहर खेलते समय लापता हुआ 10 साल का अमन, पुलिस ने लोगों से मांगी मदद

जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र की पाटो बस्ती से 10 वर्षीय अमन कुमार रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया है। जानकारी के अनुसार, अमन सोमवार सुबह करीब 10 बजे अपने घर के बाहर खेल रहा था। इसके बाद वह अचानक गायब हो गया और काफी तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।
बच्चे की नानी ने सोनारी थाना में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस अब बच्चे की तलाश में जुटी हुई है और आसपास के इलाकों में जांच कर रही है।
अमन का रंग सांवला है और वह टी-शर्ट व हाफ पैंट पहने हुए था। वह हिंदी और बांग्ला दोनों भाषाएं बोलता है तथा सोनारी स्थित जील मिशन स्कूल में कक्षा पांच का छात्र है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को बच्चे के बारे में कोई भी जानकारी मिले तो तुरंत सोनारी थाना को सूचित करें, ताकि उसे जल्द से जल्द सुरक्षित उसके परिवार तक पहुंचाया जा सके।

