25001

Jamshedpur: मानगो पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बाइक चोर गिरोह के पांच सदस्य गिरफ्तार, दो आरोपी फरार…

खबर को शेयर करें
25001

जमशेदपुर शहर में बढ़ती बाइक चोरी की घटनाओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मानगो थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है जबकि दो आरोपी फरार होने में सफल रहे। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. शाकिब, दानिश खान, इस्माइल आलम, मो. अयान और मो. नसीम अख्तर के रूप में हुई है। वहीं नयाब मुस्तफा और सरफराज अली को भी इस मामले में नामजद किया गया है, जो फिलहाल पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। सभी आरोपी मानगो, उलीडीह और आजादनगर थाना क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार मानगो थाना पुलिस नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान रोड नंबर-14 स्थित फॉरेस्ट मैदान के पास कुछ युवकों की गतिविधियां संदिग्ध दिखाई दीं। पुलिस ने उन्हें रोककर पूछताछ की और उनके पास मौजूद बाइक (JH05AJ-4340) के कागजात मांगे।

जांच के दौरान आरोपी वाहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। पुलिस द्वारा सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने स्वीकार किया कि बाइक चोरी की है।

प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि यह गिरोह चोरी की गई मोटरसाइकिलों को कम कीमत पर बेचने का काम करता था। पुलिस के अनुसार आरोपी फॉरेस्ट मैदान इलाके में चोरी की बाइक की खरीद-बिक्री के लिए ही एकत्र हुए थे।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद बाइक किस स्थान से चोरी की गई थी और इस गिरोह के नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।

पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही पूरे गिरोह का खुलासा किया जाएगा।