जमशेदपुर-कोलकाता के बीच इंडिया वन एयर की उड़ानें अनिश्चितकाल के लिए बंद

जमशेदपुर: जमशेदपुर और कोलकाता के बीच संचालित इंडिया वन एयर की उड़ान सेवाएं अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई हैं। बताया जा रहा है कि यह निर्णय गुरुवार को लिया गया।
जानकारी के अनुसार, उड़ान सेवा बंद होने के पीछे मुख्य कारण पश्चिम बंगाल सरकार द्वारा वायबिलिटी गैप फंडिंग (VGF) का समर्थन समाप्त करना और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के कारण विमान ईंधन (एटीएफ) का महंगा होना है।
यह हवाई सेवा केंद्र सरकार की उड़ान (UDAN) क्षेत्रीय संपर्क योजना (RCS) के तहत संचालित की जा रही थी। इस योजना के तहत चयनित रूटों पर एयरलाइंस को तीन वर्षों तक वित्तीय सहायता दी जाती है। निर्धारित अवधि पूरी होने के बाद एयरलाइन को बिना सरकारी सहायता के सेवा संचालित करनी होती है।
तीन साल की अवधि पूरी होने के बाद पश्चिम बंगाल सरकार ने वीजीएफ सहायता को आगे नहीं बढ़ाया। वहीं, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी के कारण एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) की लागत भी बढ़ गई, जिससे इस रूट पर उड़ान सेवा का संचालन आर्थिक रूप से कठिन हो गया।
इन्हीं कारणों को देखते हुए इंडिया वन एयर ने जमशेदपुर-कोलकाता रूट पर अपनी उड़ान सेवाएं फिलहाल अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी हैं।

