Jamshedpur: परसुडीह में कन्वाई चालक के अपहरण, मारपीट और लूट का आरोप, पीड़ित ने पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल

जमशेदपुर: परसुडीह थाना क्षेत्र में एक कन्वाई चालक के साथ कथित तौर पर अपहरण, बेरहमी से मारपीट और लूटपाट का मामला सामने आया है। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस ने अब तक आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। उसने अस्पताल से ही आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित के अनुसार, 17 जून की रात करीब 9:30 बजे वह गोविंदपुर में ड्यूटी के लिए घर से निकला था। इसी दौरान राहड़गोड़ा बस्ती के तुषार सिंह, आयुष बच्चा, राज गबरू और उनके 4-5 अन्य साथियों ने उसे रोक लिया। आरोप है कि पहले उसके साथ मारपीट की गई, फिर जबरन बाइक पर बैठाकर सामुदायिक विकास स्कूल मैदान ले जाया गया।
पीड़ित का आरोप है कि वहां तुषार सिंह ने लोहे के चापड़ से उसकी गर्दन पर हमला किया, जबकि आयुष बच्चा ने लोहे की पंच से उसके चेहरे पर कई वार किए। इसके बाद आरोपियों ने उसे बाड़ीगोड़ा पंचायत भवन के पास ले जाकर बोल्डर से हमला किया, जिससे उसके सिर और आंख के पास गंभीर चोटें आईं।
आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि हमलावरों ने उसके गले से चांदी की चेन, जेब में रखे करीब 5 हजार रुपये और रियलमी मोबाइल फोन लूट लिया। साथ ही जान से मारने और बस्ती में नहीं रहने देने की धमकी देकर उसे घायल अवस्था में छोड़कर फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और डायल-100 पर सूचना दी। टाइगर मोबाइल की टीम ने घायल को पहले सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए एमजीएम अस्पताल रेफर किया गया। बाद में बेहतर इलाज के लिए उसे रिम्स भेजा गया।
पीड़ित ने पुलिस से अस्पताल पहुंचकर उसका बयान दर्ज करने, प्राथमिकी दर्ज करने और सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस की ओर से मामले में आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

