जमशेदपुर : बिष्टुपुर के आभूषण कारोबारी रहस्यमय तरीके से लापता, परिवार परेशान

जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के लोयोला स्कूल के पास रहने वाले आभूषण कारोबारी नीरज कुमार वर्मा सोमवार शाम से लापता हैं। बताया जा रहा है कि वह रोज की तरह शाम करीब 5 बजे अपनी दुकान जाने के लिए घर से निकले थे, लेकिन उसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल सका।
परिवार वालों ने पहले अपने स्तर पर काफी खोजबीन की और रिश्तेदारों व परिचितों से संपर्क किया, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। उनका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है, जिससे परिजनों की चिंता और बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार, घर से निकलते समय नीरज ने पीले रंग की शर्ट और जींस पहन रखी थी। वह अपनी पैशन प्रो मोटरसाइकिल से निकले थे। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिवार ने बिष्टुपुर थाने में गुमशुदगी की सूचना दी।
पुलिस ने मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। आसपास के इलाकों में पूछताछ की जा रही है और संभावित जगहों पर जांच की जा रही है। वहीं, परिवार ने लोगों से अपील की है कि अगर किसी को नीरज कुमार वर्मा के बारे में कोई भी जानकारी मिले तो तुरंत परिवार या पुलिस को इसकी सूचना दें।

