Jamshedpur:- साकची सब्जी मंडी में महिला डॉक्टर का ढाई लाख रुपये का सोने का आभूषण गायब, दो लोगों पर जताया संदेह…

जमशेदपुर : साकची थाना क्षेत्र स्थित बसंत टॉकीज के पास सब्जी मंडी में खरीदारी के दौरान एक महिला डॉक्टर का करीब ढाई लाख रुपये मूल्य का सोने का आभूषण गायब हो गया। मामले को लेकर पीड़िता ने साकची थाना में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार मानगो निवासी डॉ. आरती हाल ही में एक ज्वेलरी दुकान से करीब ढाई लाख रुपये का सोने का आभूषण खरीदकर लाई थीं। वह अपनी कार से साकची सब्जी मंडी पहुंची थीं। इस दौरान कार पार्क करने के बाद वह पर्स से पैसे निकालकर सब्जी खरीद रही थीं। इसी बीच उनका सोने का आभूषण कहीं गिर गया या गायब हो गया।
जब कुछ देर बाद उन्हें आभूषण नहीं मिला तो उन्होंने आसपास काफी खोजबीन की। उन्होंने सब्जी विक्रेताओं और स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की, लेकिन आभूषण का कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद उन्होंने साकची थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत में डॉ. आरती ने दो सब्जी विक्रेताओं, अहमद और राजेश गुप्ता, पर संदेह जताया है। हालांकि पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा।
शिकायत मिलने के बाद साकची थाना पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। साथ ही स्थानीय दुकानदारों और लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

