53336

Jamshedpur: गोलमुरी में नशेड़ी युवकों का आतंक, घर में घुसकर तोड़फोड़, महिलाओं से अभद्रता और मारपीट का आरोप

खबर को शेयर करें
53336

जमशेदपुर: गोलमुरी थाना क्षेत्र के नामदा बस्ती स्थित गुरुद्वारा के पीछे लाइन नंबर-4, क्वार्टर नंबर-15 में रहने वाले एक परिवार ने स्थानीय युवकों पर घर में घुसकर तोड़फोड़, मारपीट और महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार करने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने गोलमुरी थाना पहुंचकर आरोपितों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

पीड़ित परिवार के अनुसार, इलाके के कुछ युवक अक्सर उनके घर के सामने बैठकर नशा करते हैं, तेज आवाज में गाने बजाते हैं और सीटी बजाकर राहगीरों तथा स्थानीय लोगों को परेशान करते हैं। परिवार की महिलाओं ने जब युवकों को इस तरह की हरकतों से मना किया तो वे नाराज हो गए और विवाद शुरू हो गया।

परिवार का आरोप है कि इसके बाद पांच से छह युवक जबरन उनके घर में घुस आए और गाली-गलौज करते हुए परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की। इस दौरान महिलाओं के साथ भी अभद्रता की गई और उन्हें धमकियां दी गईं।

लड़की की तलाश में घर में घुसकर की तोड़फोड़

पीड़ितों का कहना है कि विवाद के दौरान आरोपित युवक परिवार की एक लड़की को खोजते हुए घर के भीतर घुस गए। डर के कारण लड़की पास के एक अन्य घर में जाकर छिप गई थी। आरोप है कि युवकों ने घर के कमरों में घुसकर उसकी तलाश की और इस दौरान दरवाजों समेत कई घरेलू सामानों को नुकसान पहुंचाया। घटना के बाद घर के अंदर बिखरा सामान और क्षतिग्रस्त दरवाजे तोड़फोड़ की गंभीरता को दर्शा रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपित युवक लंबे समय से इलाके में नशाखोरी और हंगामा करते रहे हैं। कई बार उन्हें समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन उनके व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया। परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि इससे पहले भी उनके घर पर पत्थरबाजी की घटनाएं हो चुकी हैं और कई बार विवाद की स्थिति उत्पन्न हुई है।

पुलिस से कार्रवाई की मांग

घटना के बाद पीड़ित परिवार अपने बच्चों के साथ गोलमुरी थाना पहुंचा और लिखित शिकायत दर्ज कराई। परिवार ने आरोपित युवकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि वे लंबे समय से उनके आतंक और उत्पीड़न का सामना कर रहे हैं।

वहीं, स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से इलाके में बढ़ती नशाखोरी और असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग की है। घटना के बाद नामदा बस्ती में भय और आक्रोश का माहौल है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ऐसे तत्वों पर कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में कोई बड़ी घटना भी हो सकती है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।