Jamshedpur:- साकची में नशेड़ी युवक का आतंक, पैसे नहीं देने पर ग्राहक पर पत्थर से हमला, गंभीर रूप से घायल

जमशेदपुर: साकची थाना क्षेत्र के पुराने बसंत टॉकीज के समीप सोमवार को एक सनसनीखेज घटना से बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। एक नशे के आदी युवक ने दुकान पर नाश्ता कर रहे व्यक्ति से पैसे मांगने के बाद इनकार मिलने पर नुकीले पत्थर से हमला कर दिया। हमले में व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को पकड़ लिया।
घायल की पहचान मानगो टैंक रोड निवासी शत्रुघ्न गोप के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि घरेलू सामान की खरीदारी करने के बाद वह पुराने बसंत टॉकीज के पास एक दुकान पर चना-नाश्ता कर रहे थे। इसी दौरान एक युवक वहां पहुंचा और उनसे जबरन पैसे मांगने लगा। जब उन्होंने पैसे देने से इनकार किया तो युवक ने पास में पड़ा नुकीला पत्थर उठाकर उन पर हमला कर दिया।
इस हमले में शत्रुघ्न गोप के हाथ, पैर, गर्दन समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के दुकानदार और राहगीर मौके पर जमा हो गए। इसी बीच चौराहे पर तैनात ट्रैफिक पुलिस एवं स्थानीय पुलिसकर्मियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया और घायल को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान बांदर पात्रो के रूप में बताई, जो साकची के देवनगर क्षेत्र का रहने वाला है। स्थानीय लोगों के अनुसार आरोपी नशे का आदी है और नशे के लिए पैसे मांगने को लेकर अक्सर बाजार में दुकानदारों और राहगीरों से विवाद करता रहता है।
घटना के बाद क्षेत्र के दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों ने साकची में बढ़ती नशाखोरी पर चिंता जताई है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से स्मैक और अन्य नशीले पदार्थों के कारोबार पर सख्ती से रोक लगाने तथा इससे जुड़े असामाजिक तत्वों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है।


