जमशेदपुर: डीडी बार चाकूबाजी मामले में बड़ा एक्शन, बार मालिक समेत 11 लोगों पर हत्या के प्रयास का केस दर्ज

जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित डीडी बार के बाहर हुई चाकूबाजी की घटना में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इस मामले में भाजपा नेता और डीडी बार के मालिक नीरज सिंह, सह-मालिक विनय कुमार, बार के कुछ कर्मचारियों और अन्य आरोपियों सहित कुल 11 लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
यह घटना शनिवार रात करीब साढ़े 11 बजे राम मंदिर के सामने स्थित डीडी बार के बाहर हुई। बताया जा रहा है कि उस समय पुलिस की गश्ती टीम और टाइगर मोबाइल के जवान भी मौके पर मौजूद थे। इसके बावजूद हमलावरों ने दो युवकों पर चाकू से हमला कर दिया। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है।
जानकारी के मुताबिक, बार के अंदर कुछ युवकों द्वारा युवतियों से छेड़छाड़ किए जाने का विरोध किया गया था। इसी बात को लेकर पहले बहस हुई, जिसे बाद में शांत करा दिया गया। लेकिन जब हिमांशु कुमार सिंह और उनके साथी प्रत्युष सिंह बार से बाहर निकलकर अपनी बाइक लेने पहुंचे, तभी कुछ युवकों ने उन्हें घेर लिया और चाकू व चापड़ से हमला कर दिया।
आरोप है कि गंभीर रूप से घायल हिमांशु को पुलिसकर्मी गश्ती वाहन में बैठाकर बचाने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान हमलावरों ने पुलिस वाहन का दरवाजा खोल दिया और अंदर बैठे हिमांशु पर दोबारा हमला कर दिया। पुलिस की मौजूदगी में हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
हमले में करणी सेना के युवा जिलाध्यक्ष हिमांशु कुमार सिंह को पेट में कई गंभीर चोटें आईं। प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें एयर एंबुलेंस से कोलकाता के अपोलो अस्पताल भेजा गया। वहीं, आदित्यपुर निवासी प्रत्युष सिंह भी गंभीर रूप से घायल हैं। उनके पेट, पीठ और सीने में गहरे घाव हैं और उनका इलाज टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) में चल रहा है।


