Jamshedpur:- बिष्टुपुर में हिमांशु की मौत के बाद जारी प्रदर्शन के बीच मृतक के परिजन और सिटी एसपी ललित मीणा आमने-सामने

जमशेदपुर: बिष्टुपुर गोलचक्कर में चाकूबाजी के शिकार युवक हिमांशु की इलाज के दौरान मौत के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों का आक्रोश लगातार जारी है। सड़क जाम कर धरना-प्रदर्शन कर रहे लोगों के बीच सोमवार देर रात को सिटी एसपी ललित मीणा पहुंचे। इस दौरान वह प्रदर्शनकारियों और मृतक हिमांशु के परिजनों के साथ सड़क पर बैठकर उनकी बातें सुनते और बातचीत करते नजर आए।

फिलहाल सिटी एसपी ललित मीणा और मृतक के परिजनों के बीच बातचीत जारी है। परिजन अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं और प्रशासन उन्हें समझाने का प्रयास कर रहा है। हालांकि अब तक इस वार्ता का कोई अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है और प्रदर्शन जारी है।

बताते चलें कि 27 जून की रात करीब 11:30 बजे बिष्टुपुर स्थित डीडी बार के बाहर हुए चाकूबाजी की घटना में हिमांशु और प्रत्युष गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दोनों को इलाज के लिए टीएमएच में भर्ती कराया गया था। बाद में प्रत्युष की गंभीर हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए कोलकाता रेफर कर दिया गया। वहीं,
टीएमएच में इलाज के दौरान सोमवार को हिमांशु ने दम तोड़ दिया।
हिमांशु की मौत की खबर सामने आते ही परिजनों में भारी आक्रोश फैल गया। इसके बाद बिष्टुपुर गोलचक्कर पर धरना-प्रदर्शन शुरू हो गया। अब सभी की नजर प्रशासन और परिजनों के बीच चल रही वार्ता पर टिकी है कि इसका क्या परिणाम निकलता है।


