145313

Jamshedpur Breaking: खरकई नदी के तेज बहाव में 28 वर्षीय युवक के बहने की सूचना, तलाश में जुटे स्थानीय लोग

खबर को शेयर करें
145313

जमशेदपुर में खरकई नदी का जलस्तर बढ़ने और डैम से पानी छोड़े जाने के बाद कदमा के निचले इलाकों में बाढ़ की स्थिति गंभीर होती जा रही है। इसी बीच शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर-2 निवासी 28 वर्षीय टीपू खान के बाढ़ के तेज बहाव में बहने की सूचना सामने आई है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।

बताया जा रहा है कि टीपू खान अपने घर को लॉक कर सुरक्षित स्थान पर जाने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान वह अचानक पानी के तेज बहाव की चपेट में आ गया और बह गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना के करीब एक घंटे बाद तक टीपू का कोई पता नहीं चल पाया है। इसके बाद स्थानीय लोग आसपास के इलाकों और नदी के किनारे उसकी तलाश में जुट गए हैं।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी देखने को मिल रही है। लोगों का आरोप है कि डैम से पानी छोड़े जाने की पर्याप्त सूचना समय पर नहीं दी गई, जिसके कारण निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थान पर जाने का पर्याप्त समय नहीं मिल सका।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल रेस्क्यू टीम भेजकर टीपू खान की तलाश शुरू कराने की मांग की है। वहीं, विधायक सरयू राय की भूमिका को लेकर भी स्थानीय लोगों में नाराजगी की बात सामने आ रही है।

फिलहाल स्थानीय लोग अपने स्तर पर टीपू की तलाश कर रहे हैं। सभी को उसके सुरक्षित मिलने का इंतजार है। प्रशासन की ओर से रेस्क्यू अभियान को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।