Jamshedpur: गोविंदपुर में पुलिस पर पथराव मामले में कार्रवाई तेज, तीन गिरफ्तार, 163 लोगों पर केस दर्ज

जमशेदपुर के गोविंदपुर थाना क्षेत्र के लुआबासा में पुलिस पर पथराव और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। इस मामले में थाना प्रभारी के बयान पर 13 नामजद समेत 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उज्ज्वल महतो, मंगल करुआ और सपन राय को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
बताया जाता है कि सोमवार को लुआबासा में हुए एक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया था। इसी दौरान मौके पर पहुंची पुलिस टीम पर कुछ लोगों ने पथराव कर दिया, जिससे इलाके में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई।
घटना के बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए मामले की जांच शुरू की और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल मामले की जांच जारी है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

