Jamshedpur:-मानगो में कुएं में गिरकर युवक की मौत, चप्पल तैरती देख लोगों को हुई अनहोनी की आशंका

जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र अंतर्गत मुंशी मोहल्ला गुरुद्वारा रोड में शनिवार रात एक दर्दनाक हादसे में कुएं में गिरने से रवींद्र सिंह की मौत हो गई। हादसे की जानकारी उस समय हुई जब रात करीब 10:30 बजे अचानक तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी।

आवाज सुनकर आसपास के लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए। इसी दौरान मृतक के मौसा सुरेंद्र सिंह की बेटी की नजर घर के सामने स्थित कुएं पर पड़ी जहां पानी के ऊपर पर एक चप्पल तैरती हुई दिखाई दी। यह देख लोगों को किसी अनहोनी की आशंका हुई। जब आसपास मौजूद लोगों ने कुएं में झांककर देखा तो पता चला कि एक युवक उसमें गिर गया है। बाद में उसकी पहचान रवींद्र सिंह के रूप में हुई।

घटना की सूचना तत्काल मानगो थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद रवींद्र सिंह को कुएं से बाहर निकाला गया। हालांकि तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

मृतक के मौसा सुरेंद्र सिंह ने बताया कि रवींद्र सिंह काफी देर तक घर नहीं लौटे थे जिससे परिवार के लोग उनकी तलाश कर रहे थे। इसी बीच रात में तेज आवाज सुनाई दी। बाहर निकलने पर कुएं के ऊपर चप्पल तैरती हुई दिखी जिसके बाद अनहोनी की आशंका हुई।
उन्होंने बताया कि रवींद्र सिंह मूल रूप से पश्चिम बंगाल के आसनसोल के रहने वाले थे और पिछले करीब तीन वर्षों से मानगो के मुंशी मोहल्ला स्थित अपनी मौसी के घर रह रहे थे।
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

