275237

Jamshedpur:- गोलमुरी में पत्नी से विवाद के बाद मजदूर ने खुद को लगाई आग, इलाज के दौरान मौत

खबर को शेयर करें
275237

जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र के सरस्वती नगर में पत्नी से विवाद के बाद एक मजदूर ने खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली। गंभीर रूप से झुलसे मजदूर की इलाज के दौरान एमजीएम अस्पताल में मौत हो गई। मृतक की पहचान 45 वर्षीय संजय सिंह के रूप में हुई है। घटना गुरुवार रात की है जबकि शुक्रवार सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

जानकारी के अनुसार संजय सिंह पेंट-पुट्टी का काम करते थे। बताया जाता है कि गुरुवार रात वह नशे की हालत में घर लौटे थे। इसी दौरान पत्नी के साथ उनका विवाद हो गया। विवाद बढ़ने के बाद वह गुस्से में घर से बाहर निकले और खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली।

घटना के बाद आसपास के लोगों और परिजनों ने पानी व कंबल की मदद से आग बुझाने की कोशिश की। हालांकि तब तक संजय बुरी तरह झुलस चुके थे। इसके बाद उन्हें आनन-फानन में एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया जहां डॉक्टरों के अनुसार वह करीब 70 प्रतिशत तक जल चुके थे। शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

बताया जाता है कि संजय सिंह के दो बच्चे हैं और वह परिवार में कमाने वाले इकलौते सदस्य थे। घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है और मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।