1000275464

JAMSHEDPUR : बोड़ाम में स्कूली बच्चों से भरी बस खेत में उतरी चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

खबर को शेयर करें
1000275464


JAMSHEDPUR / BODAM: पूर्वी सिंहभूम के बोड़ाम थाना क्षेत्र स्थित गुगलुबनी गांव के समीप मंगलवार सुबह स्कूली बच्चों को लेकर जा रही एक बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। चालक की सतर्कता के कारण बस पलटने से बच गई और उसमें सवार सभी बच्चे सुरक्षित रहे। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

जानकारी के अनुसार साउथ प्वाइंट स्कूल की बस पश्चिम बंगाल के बराबाजार से रसिकनगर गुगलुबनी लावजोड़ा और भूला मोड़ होते हुए पटमदा के गोबरघुसी स्थित स्कूल जा रही थी। सुबह करीब 6:30 बजे गुगलुबनी के पास चालक का बस पर नियंत्रण बिगड़ गया और वाहन सड़क से उतरकर खेत में जा घुसा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि शुरुआती तौर पर दुर्घटना की वजह बस का ब्रेक फेल होना बताया जा रहा है। वहीं प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए बस को पलटने से बचा लिया जिससे बड़ा हादसा टल गया।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में अभिभावक मौके पर पहुंच गए। बच्चों को सुरक्षित देखकर उन्होंने राहत की सांस ली लेकिन स्कूल प्रबंधन पर नाराजगी भी जताई। अभिभावकों का आरोप है कि स्कूल लंबे समय से पुरानी बसों का संचालन कर रहा है जिससे बच्चों की सुरक्षा खतरे में रहती है। उन्होंने चेतावनी दी कि सुरक्षित और नई बसों की व्यवस्था होने तक वे अपने बच्चों को स्कूल नहीं भेजेंगे।

हालांकि स्कूल प्रबंधन ने ब्रेक फेल होने की बात से इनकार किया है। प्रबंधन का कहना है कि बस पुरानी जरूर है लेकिन उसकी स्थिति ठीक है। उनके अनुसारतेज रफ्तार से आ रही एक बोलेरो को साइड देने के दौरान चालक ने बस को सड़क से नीचे उतारा जहां गीली मिट्टी में बस का पहिया धंस गया। प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि या अन्य नुकसान नहीं हुआ।