JAMSHEDPUR : DD बार हत्याकांड में रिमांड पर पूछताछ तेज राहुल दुबे ने पुलिस को बताई वारदात की पूरी कहानी

JAMSHEDPUR : बिष्टुपुर स्थित डीडी बार में हिमांशु सिंह की हत्या और प्रत्युष आनंद पर हुए हमले के मामले में पुलिस की जांच तेज हो गई है। इस मामले में मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा और डीडी बार के संचालक एवं भाजपा नेता नीरज सिंह से पुलिस रिमांड पर लगातार पूछताछ कर रही है। दोनों आरोपियों को 13 जुलाई तक रिमांड पर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस ने दोनों आरोपियों से अलग-अलग पूछताछ करने के साथ-साथ आमने-सामने बैठाकर भी सवाल-जवाब किए हैं। वहीं, इस मामले में राहुल दुबे का भी विस्तृत बयान दर्ज किया गया है।
पुलिस को दिए बयान में राहुल दुबे ने बताया कि उसकी नीरज सिंह से पुरानी पहचान है। घटना वाले दिन डीडी बार के अंदर मारपीट शुरू होने के बाद उसने नीरज सिंह को फोन किया था लेकिन कॉल नीरज सिंह के बेटे ने रिसीव की। राहुल के अनुसार नीरज के बेटे ने कहा कि हिमांशु सिंह और उसके साथ आए लड़के अक्सर बार में हंगामा करते हैं और कुछ करना होगा जैसी बात कही।
राहुल ने यह भी बताया कि उस समय उसके साथ उसका पुराना दोस्त विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा मौजूद था। इसके बाद दोनों ने अपने अन्य साथियों को बुलाया। पुलिस के अनुसार जैसे ही हिमांशु सिंह बार से बाहर निकला उस पर हमला कर दिया गया। आरोप है कि उसे पुलिस की जीप से खींचकर मारपीट की गई और चापड़ से वार किए गए जिससे उसकी मौत हो गई। इस हमले में प्रत्युष आनंद गंभीर रूप से घायल हो गया था।
फिलहाल पुलिस आरोपियों गवाहों और अन्य साक्ष्यों के बयानों का मिलान कर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है ताकि मामले में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ मजबूत साक्ष्य के साथ चार्जशीट दाखिल की जा सके। सूत्रों के मुताबिक इस मामले में राहुल दुबे को सरकारी गवाह बनाए जाने की संभावना पर भी विचार किया जा रहा है।

