विश्वभर में गूंजा योग का संदेश: कोलकाता से चीन, कनाडा और चिली तक धूमधाम से मनाया गया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026

NEW DELHI/KOLKATA : 21 जून को दुनिया भर में 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साह और भव्यता के साथ मनाया गया। इस वर्ष योग दिवस की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” रखी गई है। भारत समेत दुनिया के कई देशों में लाखों लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास कर योग के प्रति अपनी आस्था और जागरूकता का परिचय दिया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के रेड रोड से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह का नेतृत्व किया। इस अवसर पर उन्होंने राज्यपाल सी.वी. आनंद बोस और मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के साथ योगाभ्यास किया।

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि योग केवल हमारी जीवनशैली के लिए ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया के बेहतर भविष्य के लिए भी आवश्यक है। उन्होंने लोगों से योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

योग दिवस के अवसर पर भारतीय सेना और नौसेना ने भी अनूठे अंदाज में योग किया।

Ladakh में व्योमरी विध्वंसक ब्रिगेड और दोरजे डिवीजन के जवानों ने कठिन परिस्थितियों के बीच योगाभ्यास कर फिटनेस और अनुशासन का संदेश दिया।

वहीं भारतीय नौसेना के INS सातवाहन में 40 नौसैनिकों ने पानी के भीतर योग कर एक अनोखी मिसाल पेश की।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी योग दिवस की धूम देखने को मिली। चीन के शंघाई स्थित बंड फाइनेंस सेंटर (BFC) में भारतीय वाणिज्य दूतावास द्वारा आयोजित कार्यक्रम में करीब 400 लोगों ने हिस्सा लिया। इनमें राजनयिक प्रोफेसर भारतीय समुदाय के सदस्य और स्थानीय चीनी नागरिक शामिल रहे।

कनाडा के टोरंटो में भारतीय वाणिज्य दूतावास के तत्वावधान में आयोजित योग कार्यक्रम में भारतीय समुदाय, वेलनेस संगठनों और स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। चिली में भारतीय दूतावास द्वारा आयोजित समारोह में भारतीय समुदाय योग प्रेमियों और चिली नागरिकों ने योगाभ्यास कर स्वास्थ्य और संतुलित जीवन का संदेश दिया।

देश के विभिन्न हिस्सों में भी योग दिवस को लेकर उत्साह देखने को मिला। नई दिल्ली में संसद भवन परिसर और इंडिया गेट के आसपास लोगों ने सामूहिक योग किया। पश्चिम बंगाल के नादिया, गुजरात के अहमदाबाद, तेलंगाना के सिकंदराबाद मध्य प्रदेश के जबलपुर और उत्तर प्रदेश के आगरा में भी हजारों लोगों ने योग सत्रों में भाग लिया।

गौरतलब है कि पहली बार 27 सितंबर 2014 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाने का प्रस्ताव रखा था।

इसके बाद 11 दिसंबर 2014 को संयुक्त राष्ट्र महासभा के 193 सदस्य देशों में से 177 देशों के समर्थन से यह प्रस्ताव पारित हुआ। तब से हर वर्ष 21 जून को पूरी दुनिया में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाता है।



