घाटशिला की मासूम विहा को मिली मुख्यमंत्री राहत कोष से मदद, विधायक पूर्णिमा साहू की पहल लाई रंग

JAMSHEDPUR : जमशेदपुर के ग्रामीण क्षेत्र घाटशिला प्रखंड के नयाग्राम निवासी संतोष कुमार मिश्रा जो सब्जी बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं अपनी चार माह की पुत्री विहा मिश्रा के गंभीर इलाज के लिए लंबे समय से आर्थिक संकट का सामना कर रहे थे। अब उनकी इस मुश्किल घड़ी में सरकार ने मदद का हाथ बढ़ाया है।
जन्म के कुछ ही दिनों बाद विहा मिश्रा को मेकोनियम एस्पिरेशन सिंड्रोम और राइट सबड्यूरल हेमाटोमा जैसी गंभीर बीमारियों का सामना करना पड़ा। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मुंबई के एक अस्पताल में ब्रेन सर्जरी करानी पड़ी। अब तक इलाज पर करीब 14 लाख रुपये खर्च हो चुके हैं जबकि दूसरी सर्जरी के लिए परिवार को अभी लगभग 5 लाख रुपये की और आवश्यकता है।
आर्थिक तंगी से जूझ रहे संतोष कुमार मिश्रा ने अपनी बेटी के इलाज के लिए जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू से सहायता की गुहार लगाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक ने तत्काल मुख्यमंत्री कार्यालय को पत्र भेजकर मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।
विधायक की पहल पर मुख्यमंत्री कार्यालय ने सकारात्मक कार्रवाई करते हुए 24 जून को विहा मिश्रा के उपचार के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष से एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की। इसके बाद परिवार को सहायता राशि का चेक सौंपा गया।
इस अवसर पर विधायक पूर्णिमा साहू ने मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार जरूरतमंदों की सहायता के लिए हमेशा संवेदनशील है। उन्होंने ईश्वर से मासूम विहा मिश्रा के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हुए कहा कि भविष्य में भी हर संभव सहयोग उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।


