4,000 फीट की ऊंचाई पर गिद्ध से टकराया इंडिगो विमान, रांची में करानी पड़ी आपातकालीन लैंडिंग…

Azad Reporter desk: पटना से रांची जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट सोमवार को ‘बर्ड हिट’ का शिकार हुई, जिसके चलते विमान को रांची में आपातकालीन लैंडिंग करानी पड़ी। फ्लाइट में सवार सभी 175 यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।
जानकारी के मुताबिक विमान लगभग 4,000 फीट की ऊंचाई पर उड़ान भर रहा था जब वह एक गिद्ध से टकरा गया। टकराव के चलते विमान को मामूली क्षति पहुंची लेकिन पायलट की सूझबूझ और तत्परता के चलते विमान को सुरक्षित रूप से रांची के बिरसा मुंडा हवाई अड्डे पर उतार लिया गया।
रांची एयरपोर्ट के निदेशक आर.आर. मौर्य ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया, “यह घटना एयरपोर्ट से करीब 10-12 नॉटिकल माइल दूर 3,000 से 4,000 फीट की ऊंचाई पर हुई। इंडिगो का विमान पटना से रांची आ रहा था और गिद्ध से टकराने के बाद पायलट ने आपातकालीन लैंडिंग का निर्णय लिया।”
इस घटना से एक दिन पहले रविवार को रायपुर से दिल्ली जा रही इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6ई 6313 को दिल्ली में खराब मौसम और धूल भरी आंधी के कारण हवा में कुछ देर तक चक्कर लगाने पड़े थे। हालांकि वह फ्लाइट भी बाद में सुरक्षित रूप से लैंड कर गई।