1000255080

भारत की अन्नू रानी ने पोलैंड में जैवलिन थ्रो में जीता गोल्ड, सीजन का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन…

खबर को शेयर करें
1000255080

Azad Reporter desk: भारतीय एथलेटिक्स को एक और गौरवशाली पल मिला है। भारत की स्टार महिला जैवलिन थ्रो खिलाड़ी अन्नू रानी ने पोलैंड में आयोजित 8वें इंटरनेशनल वीस्लाव मानियाक मेमोरियल मीट में गोल्ड मेडल जीतकर देश का नाम रोशन किया है।

अन्नू रानी ने इस प्रतियोगिता में 62.59 मीटर जैवलिन थ्रो कर इस सीजन का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। यह टूर्नामेंट वर्ल्ड एथलेटिक्स कॉन्टिनेंटल टूर ब्रॉन्ज लेवल मीट का हिस्सा था।

मेरठ की रहने वाली अन्नू रानी के नाम पहले से ही 63.82 मीटर का राष्ट्रीय रिकॉर्ड दर्ज है, जो उन्होंने वर्ष 2022 में बनाया था। इस बार उन्होंने अपने दूसरे प्रयास में 62.59 मीटर और अंतिम प्रयास में 60.07 मीटर की दूरी तय की।

यह भी खास बात रही कि अन्नू ने करीब एक साल बाद 60 मीटर से अधिक दूरी फेंकी है। इस साल मार्च में मुंबई में उनका थ्रो 58.82 मीटर रहा था जबकि मई में जर्मनी के ऑफेनबर्ग में 60.68 मीटर के साथ उन्हें छठा स्थान मिला था।

हालांकि अन्नू अब भी विश्व चैंपियनशिप में सीधे क्वालीफाई करने के लिए तय 64 मीटर के मानक को पार नहीं कर पाई हैं, लेकिन इस प्रदर्शन से उनकी रैंकिंग में सुधार हुआ है जिससे रैंकिंग के आधार पर क्वालीफाई करने की उम्मीदें बढ़ गई हैं।

अब अन्नू रानी 10 अगस्त को भुवनेश्वर में होने वाली अगली प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी। पूरे देश को उनसे एक और बेहतरीन प्रदर्शन की उम्मीद है।