भाजपा में पद नहीं, जिम्मेदारी मिलती है; मेहनती कार्यकर्ता को आगे बढ़ने से कोई नहीं रोक सकता : आदित्य साहू

रांची: झारखंड प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा है कि भाजपा में किसी को भी पद केवल दिखावे के लिए नहीं दिया जाता, बल्कि हर पद के साथ बड़ी जिम्मेदारी जुड़ी होती है। पार्टी अपने प्रत्येक कार्यकर्ता के कार्य और समर्पण पर लगातार नजर रखती है। जो कार्यकर्ता ईमानदारी और निष्ठा के साथ जमीन पर काम करता है, उसे आगे बढ़ने से कोई नहीं रोक सकता।
गुरुवार को रांची स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित मीडिया, सोशल मीडिया प्रभारियों और प्रवक्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक को संबोधित करते हुए आदित्य साहू ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यहां बूथ स्तर का एक साधारण कार्यकर्ता भी अपनी मेहनत और लगन के बल पर प्रदेश अध्यक्ष या राष्ट्रीय अध्यक्ष जैसे सर्वोच्च पदों तक पहुंच सकता है।
बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठन को और अधिक मजबूत बनाना तथा आगामी चुनावों को लेकर रणनीति तैयार करना था। इस दौरान आदित्य साहू ने मीडिया और सोशल मीडिया टीम को निर्देश दिया कि वे जनता के बीच जाकर पार्टी की नीतियों, विचारधारा और कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करें। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से मीडिया प्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने तथा संगठन कार्यालय में नियमित रूप से समय देने की अपील की।
उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता और पदाधिकारी पार्टी द्वारा जताए गए विश्वास पर खरा उतरें तथा अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ करें।
सोशल मीडिया की भूमिका पर दिया विशेष जोर
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा के संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि वर्तमान दौर में सोशल मीडिया जनसंपर्क और संवाद का सबसे प्रभावशाली माध्यम बन चुका है। ऐसे में मीडिया, प्रवक्ता और सोशल मीडिया प्रभारियों को विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सक्रिय भूमिका निभानी होगी।
उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारी इलेक्ट्रॉनिक और प्रिंट मीडिया में प्रकाशित एवं प्रसारित होने वाली खबरों पर लगातार नजर रखें और समसामयिक विषयों की अद्यतन जानकारी से स्वयं को लगातार अपडेट रखें।
कर्मवीर सिंह ने वर्ष 2029 के लोकसभा एवं विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठनात्मक स्तर पर लक्ष्य आधारित, योजनाबद्ध और प्रभावी ढंग से कार्य करने का आह्वान किया।
बैठक में प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा, अमर कुमार बाउरी और मनोज सिंह ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रदेश मुख्य प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने किया।
इस अवसर पर प्रवक्ता अजय शाह, रमाकांत महतो, अभय सिंह, अमित मंडल, अविनेश कुमार, संदीप वर्मा, रविनाथ किशोर, राफिया नाज़, अशोक बड़ाईक सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

