1000204219

चक्रधरपुर प्रखंड में बारिश से मिट्टी का घर गिरा, मां समेत तीन बच्चे दबे…

खबर को शेयर करें
1000204219

Jharkhand: पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर प्रखंड के कुलीतोडांग गांव में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण एक बड़ा हादसा हो गया। गांव में एक मिट्टी का घर गिर जाने से उसमें एक महिला और तीन बच्चे दब गए। घटना गुरुवार सुबह की है।

जानकारी के अनुसार गांव निवासी रगिया दोंगे की पत्नी गुरुवारी दोंगे अपने दो बच्चों और एक मेहमान बच्ची के साथ घर में थी तभी अचानक उनका मिट्टी का घर बारिश के कारण गिर गया। इस हादसे में चारों लोग मलबे में दब गए। ग्रामीणों की मदद से सभी को बाहर निकाला गया लेकिन महिला गुरुवारी दोंगे की हालत गंभीर बनी हुई है।

घटना की जानकारी मिलते ही पंचायत के मुखिया माझीराम जोंको मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से तीनों बच्चों को इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल भेजा गया। हालांकि गांव में वाहन की व्यवस्था नहीं होने के कारण घायल महिला को अब तक अस्पताल नहीं भेजा जा सका है। ग्रामीण और मुखिया मिलकर वाहन की व्यवस्था में लगे हुए हैं।

फिलहाल अस्पताल में जिन बच्चों का इलाज चल रहा है उनमें गुरुवारी दोंगे का तीन साल का बेटा गुलशन दोंगे पांच माह का बेटा सुनिल दोंगे और चाईबासा के कुसमुंडा गांव से आई मेहमान बच्ची इंदा पूर्ति (उम्र 8 वर्ष) शामिल हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि महिला हादसे के बाद से बेहोश है और अस्पताल में जांच के बाद ही उसकी सही स्थिति पता चल सकेगी। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।