1000235391 1

रांची में खुल सकता है आईआईटी, स्किल और फिनटेक यूनिवर्सिटी, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से मिले झारखंड के शिक्षा मंत्री…

खबर को शेयर करें
1000235391 1

Jharkhand: झारखंड के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री सुदिव्य कुमार ने मंगलवार को केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से मुलाकात की और राज्य में उच्च शिक्षा के विकास को लेकर कई अहम मांगें रखीं।

उन्होंने रांची में आईआईटी (IIT), कौशल विश्वविद्यालय (Skill University) और फिनटेक विश्वविद्यालय (Fintech University) की स्थापना के लिए केंद्र से 800 करोड़ रुपये की सहायता की मांग की।

सुदिव्य कुमार ने बताया कि झारखंड में सकल नामांकन अनुपात (Gross Enrollment Ratio) सिर्फ 18.3% है, जो राष्ट्रीय औसत से काफी कम है। इसके अलावा राज्य में हर एक लाख की आबादी पर सिर्फ 8 कॉलेज ही हैं जो शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ी कमी को दर्शाता है।

राज्य मंत्री ने निफ्ट (NIFT) परिसर के विस्तार और पीआईएफसी (PIFC) परियोजना को भी जल्द मंजूरी देने की अपील की। साथ ही उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आईआईटी के सहयोग से “ई-समर्थ एवं नवाचार नीति 2025” शुरू करने की तैयारी में है।

सुदिव्य कुमार ने यह भी बताया कि राज्य को शिक्षा ऋण योजना के तहत 231.72 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है क्योंकि राज्य के छात्रों ने अधिकतर ऋण दूसरे राज्यों के संस्थानों में पढ़ाई के लिए लिया है।

उन्होंने पीएम-रूसा (PM-RUSA) योजना के तहत भेजे गए 159 प्रस्तावों में से सिर्फ 1 विश्वविद्यालय, 17 कॉलेज और 6 हॉस्टल को ही मंजूरी मिलने पर भी चिंता जताई।

अंत में उन्होंने उम्मीद जताई कि केंद्र और राज्य की साझेदारी से झारखंड में उच्च शिक्षा का स्तर बेहतर होगा और राज्य के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सकेगी।