144183 scaled

जंग लगी कुर्सी को हिलाने आए हैं, सुनो व्यवस्था तुम्हें जगाने आए हैं:- राहुल रघुवंशी

खबर को शेयर करें
144183

जमशेदपुर: कोल्हान विश्वविद्यालय समेत झारखंड के विभिन्न विश्वविद्यालयों में परीक्षा और परिणाम में लगातार हो रही देरी के विरोध में छात्रों ने एक दिवसीय भूख हड़ताल की। छात्रों ने शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगें सरकार और विश्वविद्यालय प्रशासन के सामने रखीं।

144179

छात्रों का कहना है कि झारखंड के कई विश्वविद्यालयों में समय पर परीक्षाएं आयोजित नहीं हो रही हैं और निर्धारित समय सीमा के भीतर परिणाम भी जारी नहीं किए जा रहे हैं। इसका सीधा असर छात्र-छात्राओं के भविष्य पर पड़ रहा है। समय पर परीक्षा और रिजल्ट नहीं आने के कारण कई छात्र सरकारी नौकरी, प्रतियोगी परीक्षाओं और उच्च शिक्षा के अवसरों से वंचित हो रहे हैं।

भूख हड़ताल के दौरान छात्रों ने व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकारी नौकरी की परीक्षा में निर्धारित आयु सीमा से एक दिन अधिक होने पर अभ्यर्थी को परीक्षा से बाहर कर दिया जाता है, लेकिन विश्वविद्यालयों की लापरवाही से छात्रों का 365 दिन या उससे अधिक समय बर्बाद होने पर इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा?

छात्रों ने कहा कि विश्वविद्यालयों में सत्र में देरी का असर सिर्फ छात्र पर नहीं पड़ता, बल्कि उसके परिवार के वर्षों के संघर्ष, समय और आर्थिक संसाधनों पर भी पड़ता है। ऐसे में समय पर परीक्षा, समय पर परिणाम और नियमित शैक्षणिक सत्र सुनिश्चित करना सरकार और विश्वविद्यालय प्रशासन की जिम्मेदारी है।

छात्रों ने मांग की कि सभी विश्वविद्यालयों में निर्धारित शैक्षणिक और परीक्षा कैलेंडर को लागू किया जाए। लंबित सत्रों को जल्द नियमित किया जाए और रिजल्ट जारी करने की समय-सीमा तय कर उसका सख्ती से पालन कराया जाए।

छात्रों ने चेतावनी दी कि अगर उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक पहल नहीं की गई, तो वे व्यापक जनसमर्थन के साथ आंदोलन के अगले चरण की घोषणा करने के लिए मजबूर होंगे। प्रदर्शन के दौरान राहुल रघुवंशी ने कहा, “जंग लगी कुर्सी को हिलाने आए हैं, सुनो व्यवस्था तुम्हें जगाने आए हैं।”