चक्रधरपुर स्टेशन पर मानव तस्करी की कोशिश नाकाम, तमिलनाडु ले जाई जा रहीं दो नाबालिग लड़कियां बचाई गईं

चक्रधरपुर: दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन पर मानव तस्करी की एक बड़ी कोशिश को आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने विफल कर दिया। बुधवार को की गई कार्रवाई में दो नाबालिग लड़कियों को सुरक्षित मुक्त कराया गया, जिन्हें कथित रूप से बहला-फुसलाकर तमिलनाडु ले जाया जा रहा था। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार, आरपीएफ को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ नाबालिग लड़कियों को संदिग्ध परिस्थितियों में बाहर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन पर निगरानी बढ़ा दी और जांच अभियान चलाया।
जांच के दौरान एक व्यक्ति दो नाबालिग लड़कियों के साथ संदिग्ध अवस्था में मिला। पूछताछ के बाद उसे हिरासत में लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सोमनाथ लागुरी (33 वर्ष) के रूप में हुई है, जो पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोन्टो थाना क्षेत्र का रहने वाला है।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी दोनों लड़कियों को पैसों का लालच देकर तमिलनाडु ले जा रहा था। टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों नाबालिगों को सुरक्षित बचा लिया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल दोनों लड़कियों को सुरक्षित संरक्षण में रखा गया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें उनके परिजनों को सौंपा जाएगा। वहीं आरोपी के खिलाफ मानव तस्करी से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि मानव तस्करी जैसी घटनाओं को रोकने के लिए रेलवे स्टेशनों पर लगातार निगरानी बढ़ाई जा रही है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत रेलवे हेल्पलाइन 139 या आरपीएफ को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

