जमशेदपुर में भीषण सड़क हादसा: ब्रेकडाउन ट्रेलर में घुसी तेज रफ्तार कार, चार की मौत, मृतकों में मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी भी शामिल

जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव पर गुरुवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में कार सवार चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में झारखंड की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह भी शामिल हैं। हादसा इतना भीषण था कि तेज रफ्तार कार सड़क किनारे ब्रेकडाउन खड़े ट्रेलर के पीछे जा घुसी और कार का अगला हिस्सा ट्रेलर में बुरी तरह फंस गया।

हादसे की सूचना मिलते ही डीएसपी सीसीआर मनोज ठाकुर और सोनारी थाना प्रभारी संजय सुमन पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। कार में फंसे शवों को गैस कटर की मदद से बाहर निकाला गया। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया है।

मृतकों की पहचान सार्थक अग्रवाल, नमन गुप्ता, वंशिका खंडेलवाल और तृषा सिंह के रूप में हुई है।
डीएसपी सीसीआर मनोज ठाकुर ने बताया कि ट्रेलर बुधवार रात करीब 10 बजे से ही मरीन ड्राइव पर ब्रेकडाउन होने के कारण खड़ा था। इसी दौरान गुरुवार तड़के तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर ट्रेलर के पीछे जा घुसी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

वहीं झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए तृषा सिंह के निधन की पुष्टि की। उन्होंने दीपिका पांडेय सिंह और उनके पूरे परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि एक मां के लिए अपनी संतान को खोने का दर्द शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता।


