गिरिडीह में भीषण सड़क हादसा: कार और ट्रक की टक्कर में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत, दो महिलाएं गंभीर घायल…

Jharkhand::झारखंड के गिरिडीह जिले में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसा बेंगाबाद थाना क्षेत्र के दामोदरडीह गांव के पास मोछू लायन होटल के नजदीक हुआ।
जानकारी के अनुसार यह हादसा उस वक्त हुआ जब परिवार के सदस्य एक स्विफ्ट कार से आषाढ़ी पूजा के बाद अपने गांव जारंगडीह लौट रहे थे। रात करीब 2 बजे उनकी कार की जोरदार टक्कर एक तेज रफ्तार ट्रक से हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक के तीन टायर फट गए और कार के परखच्चे उड़ गए।
हादसे में छोटू तुरी (50), राजन तुरी (25) और लीलो तुरी (45) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं संगीता देवी और रीना देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें गिरिडीह सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी लोग जमुआ थाना क्षेत्र के जारंगडीह गांव के निवासी हैं।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन को सड़क किनारे पेट्रोल पंप के पास छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही बेंगाबाद थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह पुलिस टीम और एंबुलेंस के साथ मौके पर पहुंचे। कार में फंसे लोगों को बड़ी मुश्किल से बाहर निकाला गया। डॉक्टरों ने तीनों पुरुषों को मृत घोषित कर दिया जबकि दोनों घायल महिलाएं गंभीर स्थिति में अस्पताल में भर्ती हैं।