1000270588

हिमांशु सिंह हत्याकांड: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने पुलिस जांच पर उठाए सवाल निष्पक्ष जांच और दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग

खबर को शेयर करें
1000270588


RANCHI / JAMSHEDPUR : करणी सेना के नेता हिमांशु सिंह हत्याकांड को लेकर झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने राज्य सरकार और पुलिस की कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस असली आरोपियों तक पहुंचने के बजाय मामले को दूसरी दिशा में मोड़ने की कोशिश कर रही है और निर्दोष लोगों को फंसाया जा रहा है।

आदित्य साहू ने कहा कि झारखंड में किसी भी बड़ी आपराधिक घटना के बाद पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े होते रहे हैं। उनका आरोप है कि इस मामले में भी पुलिस वास्तविक आरोपियों तक पहुंचने के बजाय एक मनगढ़ंत कहानी गढ़कर लोगों का ध्यान मूल मुद्दे से भटकाने का प्रयास कर रही है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पुलिस जिस कारोबारी नीरज सिंह का नाम इस मामले से जोड़ रही है घटना के समय वह अपने प्रतिष्ठान में मौजूद नहीं थे। उन्होंने दावा किया कि नीरज सिंह का बार वैध लाइसेंस के साथ संचालित होता है और सभी सरकारी नियमों का पालन किया जाता है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि कारोबार अवैध था तो प्रशासन ने पहले कार्रवाई क्यों नहीं की। उन्होंने यह भी कहा कि जब हत्या सड़क पर पुलिस की मौजूदगी में हुई तो बार संचालक को मामले में क्यों घसीटा जा रहा है।

आदित्य साहू ने घटना के दौरान मौजूद पुलिसकर्मियों की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि मृतक हिमांशु सिंह अपनी जान बचाने के लिए पुलिस वाहन तक पहुंचा था लेकिन पुलिस के सामने ही हमलावर उसे बाहर खींचकर ले गए और उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इसके बावजूद पुलिस प्रभावी कार्रवाई नहीं कर सकी। उनके अनुसार इस पूरे घटनाक्रम ने राज्य की कानून-व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने नीरज सिंह के खिलाफ दर्ज मामले की निष्पक्ष जांच कर उनका नाम हटाने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने नीरज सिंह की दो गाड़ियां जब्त कर ली हैं और उनके परिवार को भी परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा किसी भी गलत कार्य का समर्थन नहीं करती लेकिन किसी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय भी स्वीकार नहीं करेगी।

फिलहाल इस मामले की जांच जारी है और पुलिस की ओर से आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।