Himanshu Singh Murder Case: राजस्थान से गिरफ्तार हुआ नामजद आरोपी नीरज सिंह, अब नियमित जमानत का रास्ता ही खुला

डीडी बार के बाहर हुए चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले के नामजद आरोपी और डीडी बार संचालक नीरज सिंह को राजस्थान के सीकर जिले से गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस की तकनीकी जांच और मोबाइल लोकेशन के आधार पर उसकी मौजूदगी का पता चला, जिसके बाद राजस्थान पुलिस की मदद से संयुक्त कार्रवाई कर गिरफ्तारी की गई।
पुलिस अब ट्रांजिट रिमांड लेकर नीरज सिंह को जमशेदपुर लाने की तैयारी कर रही है। यहां उससे हत्या की पूरी साजिश, अन्य आरोपियों की भूमिका, फरारी के दौरान संपर्क में रहे लोगों और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के संबंध में पूछताछ की जाएगी।
गौरतलब है कि 27 जून को बिष्टुपुर स्थित डीडी बार के बाहर हिमांशु सिंह और प्रत्युष आनंद पर धारदार हथियार से हमला हुआ था। इलाज के दौरान हिमांशु सिंह की मौत हो गई, जबकि प्रत्युष आनंद का इलाज अभी भी जारी है। इस मामले में कई आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा की तलाश अब भी जारी है।
गिरफ्तारी के बाद नीरज सिंह की अग्रिम जमानत याचिका स्वतः अप्रासंगिक हो गई है। अब उन्हें नियमित जमानत के लिए अदालत में आवेदन करना होगा। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के बाद मामले से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं।

