1000204363

झारखंड में भारी बारिश से मचा हाहाकार, नदियां उफान पर, डैम के गेट खुले, कई सड़कें टूटीं और घरों में घुसा पानी..रांची, बोकारो, जमशेदपुर से लेकर पलामू, हजारीबाग तक जनजीवन अस्त-व्यस्त, देखें पूरी रिपोर्ट…

खबर को शेयर करें
1000204363

Jharkhand: झारखंड में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने पूरे राज्य को बेहाल कर दिया है। राजधानी रांची से लेकर ग्रामीण इलाकों तक जलजमाव, सड़कें टूटने और नदियों में उफान से जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। मंगलवार से लगातार हो रही बारिश के चलते राज्य की कई नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ा है जिससे बाढ़ जैसे हालात बनते जा रहे हैं।

1000204365

राजधानी रांची में लगातार बारिश से कई इलाकों में जलजमाव हो गया है। सड़कों पर पानी भर गया है जिससे वाहन चालकों और राहगीरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। निचले इलाकों में रहने वाले लोग घरों में पानी घुसने की समस्या से जूझ रहे हैं।

बोकारो जिले में भारी बारिश के कारण तेनुघाट डैम के गेट खोल दिए गए हैं ताकि पानी का दबाव कम किया जा सके। इससे दामोदर नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी देखी जा रही है। वहीं धनबाद जिले में मैथन डैम के भी फाटक खोल दिए गए हैं। प्रशासन ने आसपास के क्षेत्रों में अलर्ट जारी किया है।

1000204364

जमशेदपुर में स्वर्णरेखा और खरकाई नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। मानगो इलाके के ओल्ड पुरिया रोड पर कई घरों में पानी घुस गया है। लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की कोशिशें जारी हैं।

खूंटी जिले के तोरपा-सिमडेगा रोड पर एक बड़ा पुल धंस गया, जिसमें एक ट्रक फंस गया। पुल के धंसने से पूरे रास्ते पर यातायात बाधित हो गया है। यह मार्ग पूरी तरह से बंद हो गया है जिससे लोगों को लंबे रास्ते से होकर गुजरना पड़ रहा है।

1000204366

पलामू जिले में कोयल नदी उफान पर है। निचले इलाकों में पानी भरने की आशंका को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड पर है। कुछ क्षेत्रों में ग्रामीणों को पहले ही सतर्क किया गया है।

हजारीबाग जिले के मासीपीढ़ी एनएच-33 (रांची-पटना मेन रोड) पर भारी जलजमाव हो गया है जिससे ट्रैफिक में रुकावटें आई हैं। वहीं हजारीबाग और चतरा की सीमा पर स्थित चंदरू धाम का सूर्य मंदिर पहली ही बारिश में डूब गया। यह मंदिर श्रद्धालुओं के लिए प्रमुख धार्मिक स्थल है लेकिन अब पूरी तरह से जलमग्न हो गया है।

लातेहार के महुआडांड़ – मेदिनीनगर मेन रोड पर बारेसांढ़ से गारू के बीच लरबंधवा नाला पर निर्माणाधीन पुलिया का संपर्क पथ पूरी तरह कट गया है। इस वजह से इस मार्ग पर भारी वाहन नहीं चल पा रहे हैं और आवागमन प्रभावित हो गया है।

अन्य जिले भी प्रभावित—•चाईबासा, गुमला, लोहरदगा और देवघर जिलों से भी जलजमाव और सड़कें धंसने की खबरें आ रही हैं।

•दुमका और गिरिडीह में कई ग्रामीण इलाके जलमग्न हो चुके हैं।राज्य प्रशासन ने सभी जिलों के अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रखा है।

नदियों के किनारे बसे गांवों को सावधानी बरतने और ज़रूरत पड़ने पर ऊंचाई वाले स्थानों पर शिफ्ट करने के निर्देश दिए गए हैं। आपदा प्रबंधन टीमों को तैनात कर दिया गया है।

झारखंड में मानसून की पहली तेज बारिश ने ही सरकारी तैयारियों की पोल खोल दी है। नदियों में उफान, डैमों के गेट खुलने और सड़कें टूटने से राज्य के कई जिलों में जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है।

रिपोर्ट: Azad Reporter Team

अपील: बारिश के दौरान सुरक्षा का पूरा ध्यान रखें अनावश्यक बाहर न निकलें और प्रशासन की सलाह का पालन करें।