1000237757

झारखंड में भारी बारिश का अलर्ट : 18 जिलों में 5 दिनों तक तेज बारिश की चेतावनी, कोल्हान में ऑरेंज अलर्ट जारी…

खबर को शेयर करें
1000237757

Jharkhand: झारखंड में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव का क्षेत्र अब झारखंड की ओर बढ़ रहा है जिससे राज्य में भारी बारिश की आशंका है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार यह सिस्टम 25 जुलाई की सुबह से सक्रिय रहेगा और इसका असर राजधानी रांची समेत 18 जिलों में दिखाई देगा।

इन जिलों में रांची, देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज, हजारीबाग, कोडरमा, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, रामगढ़, खूंटी, बोकारो और धनबाद शामिल हैं।

मौसम विभाग ने शुक्रवार को पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में वज्रपात के साथ भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। वहीं रांची, खूंटी, सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, हजारीबाग, रामगढ़, कोडरमा, बोकारो, गिरिडीह, धनबाद, देवघर, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है जहां गरज के साथ मध्यम बारिश हो सकती है।

राज्य में 25 से 28 जुलाई तक लगातार बारिश का पूर्वानुमान है। 25, 27 और 28 जुलाई को येलो अलर्ट और 26 जुलाई को ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 30-40 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवा, गरज और वज्रपात के साथ भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों और किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी है।