हजारीबाग : जहरीली गैस से बड़ा हादसा, एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत
हजारीबाग के कटकमदागा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हो गया। सेप्टी टैंक में फैली जहरीली गैस की चपेट में आने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति की हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के मुताबिक, टैंक में कथित तौर पर महुआ शराब रखी जाती थी। लंबे समय तक बंद रहने के कारण उसमें जहरीली गैस भर गई थी।
बताया जा रहा है कि सबसे पहले चमेली देवी टैंक में उतरी थीं, जहां गैस की वजह से उनकी मौत हो गई। उन्हें बचाने के लिए बेटा रवि साव और चाचा मदन साव भी अंदर गए, लेकिन दोनों भी गैस की चपेट में आ गए और उनकी जान चली गई।
हादसे में आनंद साव गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्हें इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।


