हार्दिक पंड्या ने मुंबई छोड़ बेंगलुरु को बनाया नया ठिकाना, BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस से करेंगे ट्रेनिंग

NEW DELHI : भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या ने अपने करियर से जुड़ा बड़ा फैसला लिया है। चोट से उबर रहे पंड्या ने अब मुंबई छोड़कर स्थायी रूप से बेंगलुरु शिफ्ट होने का निर्णय लिया है। उन्होंने BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) को अपना स्थायी ट्रेनिंग बेस बना लिया है। बताया जा रहा है कि ऐसा करने वाले वह देश के पहले क्रिकेटर हैं।
हार्दिक अपने करियर के शुरुआती दिनों में बड़ौदा में ट्रेनिंग करते थे लेकिन पिछले करीब 10 वर्षों से मुंबई में रह रहे थे। मुंबई इंडियंस का घंसोली स्थित ट्रेनिंग सेंटर उनका मुख्य अभ्यास स्थल था। हालांकि जांघ की चोट के बाद पिछले छह महीने से वह बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैब कर रहे थे और अब उन्होंने वहीं स्थायी रूप से रहने का फैसला किया है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक जब भी हार्दिक टीम इंडिया आईपीएल या घरेलू क्रिकेट में व्यस्त नहीं होंगे तब वह बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में ही ट्रेनिंग करेंगे। उन्होंने सेंटर के पास शहर के बाहरी इलाके में एक प्रॉपर्टी किराए पर भी ले ली है।
बताया जा रहा है कि मुंबई के भारी ट्रैफिक के कारण रोजाना घंसोली स्थित ट्रेनिंग सेंटर तक पहुंचना उनके लिए चुनौतीपूर्ण हो गया था। इसी वजह से उन्होंने अपना ट्रेनिंग बेस बदलने का फैसला किया।
रिपोर्ट के अनुसार हार्दिक के निजी फिजियोथेरेपिस्ट और स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग कोच भी अब बेंगलुरु में ही उनके साथ रहेंगे ताकि सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के बाहर भी उनकी ट्रेनिंग और फिटनेस पर लगातार काम किया जा सके।
यह भी दावा किया गया है कि हार्दिक अगले 5 से 7 वर्षों तक बेंगलुरु में ही रहना चाहते हैं। वह अपने व्हाइट बॉल करियर के अंतिम वर्षों की तैयारी यहीं से करेंगे। ट्रेनिंग के दौरान BCCI के नेट बॉलर्स की सेवाएं लेने के साथ-साथ वह उन्हें अपनी ओर से अतिरिक्त भुगतान भी करते हैं।
फिलहाल हार्दिक पंड्या चोट से उबरने की प्रक्रिया में हैं और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैब कर रहे हैं। फिटनेस टेस्ट में सफल नहीं होने के कारण उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 और वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम में जगह नहीं मिली है। अब रिहैब और आगामी फिटनेस टेस्ट के बाद ही यह तय होगा कि उन्हें जिम्बाब्वे दौरे के लिए टीम में शामिल किया जाएगा या नहीं।

