Giridih News: अवैध पत्थर खनन की शिकायत करने वाले दिव्यांग के घर हमला, सुरक्षा और कार्रवाई की मांग

गिरिडीह जिले के जमुआ प्रखंड में कथित अवैध पत्थर खनन की शिकायत करने वाले एक दिव्यांग व्यक्ति ने अपने और परिवार पर हमले का आरोप लगाया है। पीड़ित देवनंदन राय का कहना है कि शिकायत वापस लेने का दबाव बनाने के लिए कुछ लोग हथियार लेकर उनके घर पहुंचे, मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
पीड़ित के अनुसार, घटना के दौरान परिवार के कई सदस्यों के साथ मारपीट की गई और बीच-बचाव करने पहुंची महिलाओं के साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया। उन्होंने इस संबंध में जमुआ थाना में लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
देवनंदन राय का कहना है कि उन्होंने पहले भी सरकारी जमीन पर कथित अवैध खनन की शिकायत प्रशासन और मीडिया के माध्यम से उठाई थी। उनका आरोप है कि उसी का बदला लेने के लिए परिवार को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने पुलिस से सुरक्षा उपलब्ध कराने, आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

