56980

झारखंड में गैंगवार की आहट, राहुल सिंह ने सोशल मीडिया पर प्रिंस खान को दी खुली धमकी

खबर को शेयर करें
56980

धनबाद: झारखंड में एक बार फिर दो कुख्यात आपराधिक गिरोहों के बीच तनाव बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। कोयलांचल समेत राज्य के कई इलाकों में सक्रिय गैंगस्टर प्रिंस खान और उसके प्रतिद्वंद्वी राहुल सिंह गिरोह के बीच सोशल मीडिया पर जुबानी जंग तेज हो गई है। राहुल सिंह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर प्रिंस खान को खुलेआम जान से मारने की धमकी दी है।

राहुल सिंह ने अपनी पोस्ट में लिखा कि, “प्रिंस खान तैयार रहो। मेरे देश, मेरे काम और मेरे लोगों से उलझने का अंजाम जल्द मिलेगा। दुनिया के जिस कोने में रहोगे, वहीं मारेंगे। दूसरों के परिवार की चिंता करने से पहले अपने परिवार की चिंता कर लो। जल्द ही तुम्हारा हिसाब होगा।”

अपनी पोस्ट में राहुल सिंह ने धनबाद का भी जिक्र करते हुए लिखा, “प्रिंस खान होश में रहना, धनबाद से मारते-मारते पाकिस्तान पहुंच जाएंगे।” इस पोस्ट के सामने आने के बाद दोनों गिरोहों के बीच टकराव की आशंका और गहरा गई है।

सोशल मीडिया पर खुलेआम दी गई इस धमकी के बाद झारखंड पुलिस और खुफिया एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। सुरक्षा एजेंसियां दोनों गिरोहों की गतिविधियों और सोशल मीडिया पोस्ट पर नजर बनाए हुए हैं। माना जा रहा है कि यदि समय रहते स्थिति पर नियंत्रण नहीं पाया गया, तो यह विवाद कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती बन सकता है।

हालांकि, इस मामले में पुलिस की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।