गम्हरिया न्यूज: बंद घर में लगी भीषण आग, लाखों की संपत्ति जलकर खाक

सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया स्थित साईं नगर में मंगलवार सुबह एक बंद मकान में अचानक आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि घर के अंदर रखा फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक सामान, कपड़े और कई जरूरी दस्तावेज जलकर राख हो गए। घटना के समय पूरा परिवार घर से बाहर था।
परिवार के मुखिया महादेव कुमार ने बताया कि सुबह जब वे घर लौटे तो अंदर से धुआं और आग की लपटें निकल रही थीं। सूचना मिलने पर दमकल की टीम मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक घर का अधिकांश सामान जल चुका था।
परिजनों ने आशंका जताई है कि घर में आग किसी शरारती तत्व ने लगाई हो सकती है, क्योंकि मकान पूरी तरह बंद था। मामले की सूचना आदित्यपुर थाना को दे दी गई है। पुलिस आग लगने के कारणों की जांच में जुटी है।

